मानव तस्करी रोकने के लिए 330 जिलों में खुलेंगे विशेष केंद्र
नई दिल्ली : सीबीआइ के बाद अब गृह मंत्रालय भी मानव तस्करी पर लगाम लगाने की तैयारियों में जुट गया है। सीबीआइ ने इसके लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू करने और मानव तस्करों की सूचना देने वालों को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इसके साथ ही गृह मंत्रालय 330 जिलों में विशेष मानव तस्कर रोधी केंद्र खोलने की तैयारी में है। इन केंद्रों पर तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। मानव तस्करी रोकने से जुड़े देशभर के नोडल अधिकारियों की तीन दिन की कार्यशाला के बाद गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बी. भामथी ने कहा कि मानव तस्करी रोधी केंद्र खोलने के लिए राज्यों को केंद्रीय सहायता दी जा रही है। अब तक इस तरह के 101 केंद्र शुरू किए जा चुके हैं। जबकि अगले वित्तीय वर्ष में 110 नए केंद्र शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण देने की व्यस्था की गई है। इस सिलसिले में इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने छह माह का विशेष कोर्स तैयार किया है। मानव तस्करी मामलों से जुड़े सभी पुलिस अधिकारियों के लिए इस कोर्स को अनिवार्य बना दिया गया है और इस संबंध में सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उत्तर बंगाल मानव तस्करी के लिए खासतौर पर जाना जाता है। इस इलाके के चाय बागानों और पहाड़ी क्षेत्रों की लड़कियों को देश-विदेश में शादी तथा नौकरी का झांसा देकर बेच दिया जाता है। हाल ही में दार्जिलिंग की एक लड़की को गृह विभाग की पहल पर साउदी अरब से वापस लाया गया है।
Recent Comments